भारत देश हमेशा से त्योहारों का प्रतीक रहा है, यहाँ पर देवी देवताओ की पूजा-अर्चना सर्वोपरि रहती है साथ ही नदियों को भी माँ का स्वरूप माना जाता है जो हिन्दू सभ्यता में पूजनीय है। आदि पेरुक्कु दक्षिण भारत के मुख्य त्योहारों में से एक त्यौहार है जो कावेरी नदी, वरुण देव और माँ पार्वती के प्रति आभार प्रकट करने के लिए मनाया जाता है।
आदि पेरुक्कु पर्व समृद्धि और उर्वरता का प्रतीक है जिसे तमिलनाडु में मानसून त्यौहार के रूप में मनाया जाता है| यह पर्व तमिल महीने के 18 वें दिन मनाया जाता है। महिलाओं द्वारा मनाए जाने वाले इस पर्व के दिन जल-अनुष्ठान के रूप में, प्रकृति का सम्मान किया जाता है। इस दिन उफनती नदियों से पानी लेकर मां पार्वती की पूजा करते है और चावल के अलग अलग व्यंजन जैसे- नारियल चावल, मीठा पोंगल, दही चावल, बहला चावल, नींबू चावल और इमली चावल इत्यादि बनाकर भोग लगाया जाता है।
इस त्यौहार के दिन सुबह सवेरे महिलाएं पीला धागा, चावल, गुड़, नारियल, केले, दीपक, हल्दी, कुंकुम और फूल आदि पूजा सामग्री लेकर तालाब, नदी या जलाशय आदि के किनारे पर जाती हैं। पूजा शुरू करने से पहले वे पानी में डुबकी लगाती हैं। इसके बाद ‘अभिषेकम’ करते है जिसमे वे धरती माता के स्वरूप के रूप में मिट्टी की ढेरियां बनाती हैं। इसके साथ साथ केले के पत्ते पर चावल के आटे को पानी में गुड़ मिलाकर छोटे गड्ढे नुमा आकार का निर्माण किया जाता है। इसमें घी डाल कर दीप प्रज्वलित करती है। दीये के साथ फूल, हल्दी और पीला धागा केले के पत्ते में रखकर नदी में अर्पित किया जाता है। आदि पेरुक्कू उत्सव तिरुचिरापल्ली के अलावा कावेरी नदी के किनारे बसे इरोड, तंजावुर और सलेम में भी बहुत धूमधाम से मनाया जाता है।
यह पर्व समृद्धि और खुशी के साथ साथ माँ प्रकृति के आशीर्वाद का उदाहरण है| आदि पेरुक्कू त्यौहार विशेषकर उन किसानों और अन्य लोगों द्वारा मनाया जाता है जो अपने व्यवसाय या जीवन यापन के लिए नदियों और मानसून की बरसात पर निर्भर रहते हैं। ये लोग इस त्यौहार पर मंदिरों और धार्मिक स्थानों पर वर्षा के देव वरुण और कावेरी देवी की पूजा करते है, ताकि अच्छी फसल पा सके और अनिश्चितकालीन बरसात से बचाव हो सके।

आदि पेरुक्कू को “पैर पडिनेटम पेरुक्कू” भी कहा जाता है। इस पर्व का पहला दिन “आदि पंड़िगै या आदि पिराप्पू” के रूप में मनाया जाता है यह दिन नवीन कार्यों के लिए उत्तम माना गया है। इस दिन सभी महिलाएं अपने घर के दरवाजो को आम के पत्तों से सजाती है। नारियल के दूध और वडाई से तैयार ‘पायसम’ नामक व्यंजन बनाया जाता है और इसी के साथ भगवान की पूजा की जाती है| पेरक्कु एक महीना होता है जिसमे समृद्धि और खुशहाली के लिए जल-बल और प्राकृतिक शक्तियों की प्रार्थना होती है। ऐसा कहते है कि आदि पेरुक्कु पर्व के महीने में चावल और गुड़ से बनी मिठाई का प्रसाद चढाने से कुंवारी कन्याओं को अच्छे वर की प्राप्ति होती है, इस दिन चावल के द्वारा एक विशेष व्यंजन ‘कलंधा सद्दाम’ बनाया जाता है| पूजा पूरी करने के बाद, भक्त अपने परिवार के साथ नदी के किनारे भोजन करते हैं और पूरा दिन नदी के किनारे बिताते हैं।

